जबलपुर: बेलखेड़ा थाना अंतर्गत पावला में लापरवाही पूर्वक खेत की मेढ़ पर करंट वाले तार लगाने के कारण एक किसान की मौत हुई थी। पुलिस ने मामले में खेत मालिक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पावला निवासी पोहप सिंह लोधी पिता मान सिंह लोधी,(40), गत 18 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे अपने दैनिक काम से खेतों की तरफ गए थे।
इसी दौरान पड़ोस के खेत मालिक चरन सिंह लोधी की मेढ़ पर गड़ी खूंटियों में बंधे बिजली के खुले तारों से पोहप सिंह का शरीर छू गया था तारों में प्रवाहित हो रहे तेज करंट की चपेट में आने से पोहप सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। पुलिस ने मर्ग जांच की तो यह बात सामने आई कि चरन सिंह ने अपने खेत की सुरक्षा के नाम पर मेढ़ पर खूंटियां गाडक़र अवैध रूप से बिजली के तार बांधे थे, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी चरन सिंह लोधी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
