
इंदौर. ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं. अलग-अलग ट्रेनों में सफर कर रहे तीन यात्रियों के मोबाइल चोरी हो गए. वारदात का पता यात्रियों को ट्रेन से उतरने या नींद खुलने के बाद चला. जीआरपी ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
नर्मदा एक्सप्रेस से इंदौर आ रहे रेलवे कर्मचारी उत्तमकुमार धुर्वे पिता सोवतराम निवासी बिलासपुर ट्रेन में सो गए थे. इंदौर पहुंचने के बाद नींद खुली तो उनका मोबाइल गायब था. आसपास तलाश करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने जीआरपी को सूचना दी. इसी तरह मालवा एक्सप्रेस में पंजाब निवासी हरविंदरसिंह का मोबाइल चोरी हो गया. वहीं इंदौर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस में बड़वानी निवासी केशवप्रसाद धूलिया मोबाइल चोरी का शिकार हुए. दोनों मामलों में भी यात्रियों को मोबाइल चोरी होने की जानकारी बाद में मिली. जीआरपी पुलिस अब यात्रियों के सफर, सीट और घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाकर चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. चलती ट्रेनों में यात्रियों के सोने के दौरान मोबाइल चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस आसपास बैठे संदिग्ध यात्रियों की जानकारी भी जुटा रही है.
