
इंदौर. बाणगंगा में बारिश से बचने के लिए छतरी लेकर जा रहे युवक पर एक सिरफिरे ने पहले जबरन नाम-पता पूछकर विवाद किया और विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया. हमलावर ने युवक के पेट, सिर और पैर पर वार किए. चीख-पुकार सुनकर पास मौजूद सब्जी विक्रेता ने बीच-बचाव कर हमलावर को दूर किया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला.
प्रदीप अहिरवार ने पुलिस को बताया कि बीती रात वह अपने दोस्त जगदीश कुशवाह के साथ बाणगंगा स्थित वाइन शॉप के सामने बने सार्वजनिक शौचालय की ओर जा रहा था. बारिश हो रही थी, इसलिए प्रदीप ने छतरी ले रखी थी. इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति अचानक उसकी छतरी के नीचे आकर खड़ा हो गया और उससे नाम-पता पूछने लगा. प्रदीप ने जब अनजान व्यक्ति को वहां से हटने के लिए कहा तो वह विवाद करने लगा. आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए धार्मिक टिप्पणियां भी कीं. प्रदीप ने विरोध किया तो आरोपी ने जेब से धारदार चाकू निकाला और उसके पेट के बाएं हिस्से पर वार कर दिया. इसके बाद सिर और बाएं पैर के पीछे भी चाकू से हमला किया. घायल प्रदीप चीखते हुए सड़क पर गिर पड़ा. चीख पुकार सुनकर पास में ठेला लगाने वाला सब्जी विक्रेता धर्मेंद्र दौड़कर पहुंचा. उसने हमलावर को धक्का देकर प्रदीप को बचाया. इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला. घायल प्रदीप को उपचार के लिए अस्पताल ले भेजा, पुलिस ने शिकायत के आधार पर हमलावर की तलाश शुरू कर दी है.
