
रीवा। रीवा शहर के सबसे व्यस्त रेलवे ओवर ब्रिज पर सड़क मरम्मत के नाम पर घोर लापरवाही सामने आई है। जेसीबी से सड़क की पुरानी डामर परत उखाड़ने के बाद ठेकेदार द्वारा सड़क पर ही गिट्टी और मलबा छोड़ दिया गया, जिस पर फिसलने से एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
जेसीबी से डामर उखाड़ने के बाद बिखरी पड़ी थी गिट्टी
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम रेलवे ब्रिज पर मरम्मत कार्य चल रहा था। जेसीबी मशीन से सड़क की ऊपरी परत को उखाड़ा जा रहा था। इस दौरान उखड़ी हुई गिट्टी और डामर का मलबा पूरी सड़क पर फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मरम्मत स्थल पर न तो कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही वाहन चालकों को सचेत करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या डायवर्जन बोर्ड लगाया गया था। इसी बीच तेज रफ्तार में आ रही बाइक गिट्टी पर आते ही अनियंत्रित हो गई और फिसल गई।
पुलिसकर्मी घायल, संजय गांधी अस्पताल में भर्ती
हादसे में बाइक सवार पुलिसकर्मी को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि अगर पीछे से कोई भारी वाहन आता तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था। फिलहाल घायल जवान की हालत स्थिर बताई जा रही है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठे सवाल
इस पूरे हादसे ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान बरती जा रही लापरवाही की पोल खोल दी है। आम तौर पर सड़क मरम्मत के दौरान दोनों तरफ बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर टेप, चेतावनी बोर्ड और ट्रैफिक जवानों की तैनाती अनिवार्य होती है, लेकिन रेलवे ब्रिज पर इनमें से कोई भी व्यवस्था नहीं दिखी। स्थानीय राहगीरों ने भी ठेकेदार की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि ऐसी लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
