सिंगरौली: लगातार हो रही बारिश से नगर निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 43 के विवेकानंद, सिंगरौलिया और हिर्रवाह क्षेत्र में बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। कई घरों में बारिश का पानी घुसने से घर-गृहस्थी का सामान पानी में तैरता नजर आया। हालात ऐसे रहे कि रातभर बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सुरक्षित स्थान की तलाश में इधर-उधर रहने को मजबूर रहे। लोगों को तत्काल राहत और सहायता की आवश्यकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार एयरपोर्ट की बाउंड्री के आसपास जल निकासी के मार्गों की समय पर सफाई नहीं होने से समस्या और बढ़ गई है। नालियों में कचरा, मिट्टी और गाद जमा होने के कारण पानी का बहाव बाधित है, जिससे बारिश का पानी बस्तियों की ओर फैल रहा है। रहवासियों ने नगर निगम एवं प्रशासन से नालियों की तत्काल सफाई, गहरीकरण और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आगामी बारिश में स्थिति और भयावह हो सकती है।
