वन क्षेत्र में भारत विश्व स्तर पर 9वें स्थान पर पहुंचा

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने वैश्विक पर्यावरण संरक्षण में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है और कुल वन क्षेत्र के मामले में देश विश्व स्तर पर 9वें स्थान पर पहुंच गया है।

इंडोनेशिया के बाली में खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के जारी वैश्विक वन संसाधन आकलन (जीएफआरए), 2025 के अनुसार भारत ने वन क्षेत्र के मामले में यह अहम मुकाम हासिल किया है।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस प्रगति का ब्योरा साझा किया। श्री यादव ने कहा, ” यह सभी भारतीयों के लिए खुशी का एक कारण है।”

पिछले आकलन में, भारत दसवें स्थान पर था। उन्होंने कहा कि देश ने वार्षिक वन क्षेत्र वृद्धि के मामले में भी विश्व स्तर पर अपना तीसरा स्थान बनाये रखा है, जो सतत वन प्रबंधन और पारिस्थितिकीय संतुलन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

श्री यादव ने कहा कि यह उल्लेखनीय प्रगति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों की सफलता को रेखांकित करती है, जिनका उद्देश्य वन संरक्षण, वनीकरण और समुदाय-नेतृत्व वाली पर्यावरणीय कार्रवाई है।

उन्होंने कहा, ” यह उपलब्धि मोदी सरकार की वन संरक्षण एवं संवर्धन की योजना और नीतियों तथा राज्य सरकारों द्वारा बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण के प्रयासों के फलस्वरूप प्राप्त हुई है।”

श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ के आह्वान और पर्यावरण जागरूकता को लेकर उनके निरंतर बल देने ने देश भर के लोगों को वृक्षारोपण और संरक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया है। यह बढ़ती जनभागीदारी एक हरित और टिकाऊ भविष्य के प्रति सामूहिक ज़िम्मेदारी की भावना को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मोदी सरकार की वन संरक्षण और संवर्धन की योजना और नीतियों तथा राज्य सरकारों द्वारा बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण के प्रयासों के फलस्वरूप प्राप्त हुयी है।

Next Post

श्रीलंका में भारी बारिश से 9,500 लोग प्रभावित

Wed Oct 22 , 2025
कोलंबो, 22 अक्टूबर (वार्ता) श्रीलंका में पिछले कईं दिनों से जारी भारी बारिश से चार लोगों की मौत हो गयी और 9,500 से ज़्यादा लोग प्रभावित हुये हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र (डीएमसी) ने बुधवार को बताया कि बारिश के कारण 2,395 परिवारों के कुल 9,542 लोग प्रभावित हुए हैं और […]

You May Like