सीमांकन के बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण

देवसर । देवसर तहसील के ग्राम कुर्सा स्थित मैरहवा टोला में शासकीय सड़क की भूमि पर कथित कब्जे को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। आरोप है कि गांव के पुस्तैनी आम रास्ते की जमीन पर धान की रोपाई कर मार्ग को बाधित कर दिया गया है। इससे बड़ी आबादी के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने मामले में जियावन थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार आराजी नंबर 1434 शासकीय सड़क की भूमि है। इसका 7 जुलाई को तहसीलदार देवसर प्रदीप सिंह की मौजूदगी में राजस्व अमले द्वारा सीमांकन कराया गया था। आरोप है कि सीमांकन के बावजूद 3 अगस्त को जमीन की जुताई और 4 अगस्त को धान की रोपाई कर रास्ते को फिर बाधित कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब पांच वर्षों से वे इस समस्या का सामना कर रहे हैं।

कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार सहित अधिकारियों को कई बार शिकायत देने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। रास्ता बाधित होने से स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को परेशानी हो रही है। आपात स्थिति में एंबुलेंस के गांव तक पहुंचने में भी दिक्कत होने का आरोप है। मामले में तहसीलदार देवसर प्रदीप सिंह ने संज्ञान लेते हुए संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की बात कही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शासकीय सड़क को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराकर आवागमन बहाल कराने की मांग की है।

Next Post

बेदखली आदेश के बावजूद कब्जा बरकरार

Thu Aug 13 , 2026
सिंगरौली । सरई तहसील के ग्राम दुधमनिया में गौचर के लिए आरक्षित शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीण रामलखन सिंह ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर तहसीलदार द्वारा पारित बेदखली आदेश का पालन कराने की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि खसरा […]

You May Like