
रीवा, मऊगंज थाना क्षेत्र के नरैनी में मंगलवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. मारपीट की इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि बृजभान पटेल, राज राखन पटेल और बीरेंद्र पटेल गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल मऊगंज लाया गया था जिसमें से दो लोगों को रीवा रेफर किया गया है.
घायलों के अनुसार विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा तलवार और टांगा से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है. बताया जा रहा है कि दो घायलो की हालत बेहद गंभीर है और उसे बेहतर उपचार के लिए रीवा भेजा गया है. घटना के बाद घायलों की ओर से पुलिस को सूचना दिए जाने की बात सामने आई है. घायलों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची. घायलों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मारपीट में विद्यार्थी कोल, बुद्धि कोल, पुष्पराज पटेल, अमर पांडे, रमेश पांडे और छोटे दुबे सहित अन्य लोगों के शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं. नरैनी की घटना के बाद एसडीओपी सची पाठक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है और रिपोर्ट दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
