
ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल संभाग के किडनी मरीजों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। गजराराजा मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में जल्द ही किडनी ट्रांसप्लांट (गुर्दा प्रत्यारोपण) की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली, मुंबई और अन्य बड़े शहरों की दौड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।
योजना को अंतिम रूप देने के लिए नई दिल्ली के प्रतिष्ठित निजी अस्पताल से आए किडनी ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. विकास जैन ने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने ऑपरेशन थिएटर, इंटेंसिव केयर यूनिट और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और ट्रांसप्लांट प्रक्रिया शुरू करने के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की जल्द खरीदी के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार डॉ. जैन ने जीआरएमसी के डीन डॉ. आर.के.एस. धाकड़ से मुलाकात कर सेंटर को जल्द शुरू करने की तैयारियों पर चर्चा की। वहीं डीन डॉ. धाकड़ का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन की प्राथमिकता इस सुविधा को शीघ्र शुरू करना है, ताकि स्थानीय और आसपास के मरीजों को बड़े शहरों में इलाज के लिए न जाना पड़े।
गौरतलब है यह केंद्र शुरू होने के बाद ग्वालियर चंबल संभाग का पहला सरकारी किडनी ट्रांसप्लांट सेंटर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इसका लाभ ग्वालियर सहित संभाग के जिलों के अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी मिलेगा। सरकारी संस्थान में यह सुविधा उपलब्ध होने से महंगे निजी उपचार का बोझ कम होने और जरूरतमंद मरीजों को किफायती इलाज मिलने की उम्मीद है।
