
नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख एवं राज्यसभा सदस्य पवन खेड़ा ने शुक्रवार को दिल्ली में मतदाताओं के अधिकारों को लेकर चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पर सवाल उठाये। श्री खेड़ा ने आज यहां कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि दिल्ली में आम मतदाताओं के वोट के अधिकार को प्रभावित किया जा रहा है और मतदाताओं को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक के वोट की कीमत समान रखी है, लेकिन आज वोट को भी वीआईपी और सामान्य श्रेणी में बांट दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं का वोट का अधिकार छीन लिया गया है और दिल्ली में लगभग आधे नागरिकों के मताधिकार पर सवाल खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के बीएलओ ऐप में अलग से ‘मार्क वीआईपी’ फीचर जोड़ा गया है, जिसमें नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों समेत कुछ मतदाताओं को वीआईपी के तौर पर चिन्हित किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ”वोट में भी श्रेणी बनाकर नया भारत बनाया गया है और यह नरेंद्र मोदी का नया भारत है।” उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह सवालों से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची की ”पवित्रता” को खत्म कर दिया है और इस पूरे मामले में पारदर्शिता के साथ जवाब देना चाहिए।
