इंदौर: द्वारकापुरी के हिस्ट्रीशीटर चेतननाथ की कोर्ट परिसर में बनाई गई रील मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. राजेंद्र नगर पुलिस उसे अवैध हथियार खरीद-फरोख्त के मामले में प्रोडक्शन वारंट पर जिला कोर्ट लेकर पहुंची थी. इसी दौरान उसके परिजनों ने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में वीडियो बनाया. बाद में इसे उसके भतीजे के अकाउंट से धमकी भरे कैप्शन के साथ पोस्ट किया. रील में लगाए ऑडियो में पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने और छोड़ देने की बात कहते हुए जेल के अंदर से ही पूरा सिस्टम चलाने का दावा किया है.
राजेंद्र नगर पुलिस को इसी मामले में चेतननाथ का दो दिन का रिमांड मिला है. चेतननाथ पर हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. द्वारकापुरी पुलिस उसे पूर्व में 8 किलो गांजा, ब्राउन शुगर और 19 लाख रुपए नकद के साथ गिरफ्तार कर चुकी है. उसकी बहन सीमा नाथ भी 55 लाख रुपए नकद और ब्राउन शुगर के साथ पकड़ी जा चुकी है. पुलिस अब वायरल रील के संबंध में भी जांच कर रही है
