इंदौर:महाकाल की सवारी में शामिल होने उज्जैन गए भंवरकुआं क्षेत्र के दो दोस्तों की सोमवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई, दोनों बाइक से इंदौर लौट रहे थे. सांवेर इंदौर के बीच उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने एमवाय अस्पताल में दम तोड़ दिया.
मृतकों की पहचान आकाश उम्र 26 साल पिता कमल बुराना निवासी चितावद और अन्नू उर्फ अनुराग के रूप में हुई है. दोनों सोमवार को उज्जैन गए थे. रात में लौटते समय उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी. टक्कर के बाद बाइक डिवाइडर से जा टकराई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. अन्नू उर्फ अनुराग ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. आकाश को एंबुलेंस से एमवाय अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
आकाश निजी काम करता था, अन्नू दुकान पर…
आकाश निजी काम करता था और अपनी मां के साथ रहता था. परिवार में उसका एक बड़ा भाई है, जो पत्नी और बच्चों के साथ रहता है. अन्नू उर्फ अनुराग एक दुकान पर काम करता था. परिवार में माता पिता के अलावा भाई बहन हैं. अन्नू का पोस्टमार्टम सांवेर के अस्पताल में कराया जा रहा है.
जांच की जा रही है…
हादसे को लेकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान की जा रही है. वाहन का पता चलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सांवेर थाना प्रभारी, गिरिजाशंकर महोबिया
