रांची, झारखंड में JPSC और JSSC रिफॉर्म की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सोमवार देर रात सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने देवेंद्र के स्वास्थ्य का हाल जाना और इस संघर्ष को अपना पूरा समर्थन दोहराया।
विधानसभा घेराव और पुलिस कार्रवाई
बातचीत के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि सोमवार को विधानसभा घेराव के समय पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के दौरान वह चोटिल हो गए थे। पहले से भूख हड़ताल पर होने के कारण तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सेहत का ध्यान रखने की सलाह
अभिजीत दीपके ने पुलिस कार्रवाई पर चिंता जताते हुए देवेंद्र से कहा कि यह लड़ाई अभी लंबी है, इसलिए उन्हें अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और विधायक जयराम महतो ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल-चाल लिया है।

