
रीवा, जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर खनिज विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने बनकुइयां और रिंगरोड क्षेत्र में अचानक दबिश देकर अवैध गतिविधियों में लिप्त तीन भारी वाहनों (हाइवा) को जब्त किया है।
खनिज अधिकारी दीपमाला तिवारी ने बताया कि खनिज विभाग की टीम ने रिंगरोड रतहरा के पास जांच अभियान चला रखा था। इसी दौरान टीम ने संदेह के आधार पर वाहनों की चेकिंग की, जिसमें दो हाइवा क्रमांक एमपी 53 एचएच 1742 और एमपी 17 एचएच 4171 बिना वैध दस्तावेजों के रेत का अवैध परिवहन एवं भंडारण करते हुए पाए गए। वहीं एक अन्य हाइवा क्रमांक एमपी 17 एचएच 4442 अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। अधिकारियों ने बिना देर किए तीनों गाड़ियों को मौके पर ही जब्त कर लिया।
कार्रवाई के बाद सुरक्षा के लिहाज से जब्त किए गए सभी वाहनों को पास में ही स्थित एक स्वीकृत भंडारण क्षेत्र में ले जाकर खड़ा करा दिया गया है। खनिज विभाग ने सभी वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत अवैध परिवहन और भंडारण का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
