हर घर तिरंगा यात्रा में देशभक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा शहर

रीवा,  हर घर तिरंगा अभियान में रीवा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. विवेकानंद पार्क कालेज चौराहा से मानस भवन, शिल्पी प्लाजा बाजार, प्रकाश चौराहा, स्टेच्यू चौराहा, खन्ना चौराहा, वेंकट तिराहा होते हुए तिरंगा यात्रा का जयस्तंभ चौक पर समापन हुआ.

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करते हुए रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान और शान का प्रतीक है. इस तिरंगे को हाथ में लेकर हजारों वीरों ने देश के लिए अपना प्राणों का बलिदान किया. रीवा संभाग के सभी जिलों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तिरंगा अभियान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके देश के शहीदों का नमन किया जा रहा है. तिरंगा हमें राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है. विवेकानंद पार्क से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के गीतों और नारों की धूम रही. हर हाथ में लहराते हुए तिरंगे देशप्रेम का संदेश दे रहे थे. तिरंगा यात्रा में 50 फीट लंबा तिरंगा प्रदर्शित किया गया. इसके साथ-साथ महाराणा प्रताप और भारत माता का भेष रखे युवाओं ने तिरंगा रैली की शोभा को चौगुना कर दिया. रैली में प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के ज्ञान रथ को तिरंगा से सजाकर देशभक्ति का संदेश दिया गया. रैली में जिला खेल अधिकारी के नेतृत्व में खिलाडिय़ों का दल शामिल रहा. पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी तिरंगा यात्रा में सहभागिता निभाई. नगर के प्रमुख मार्गों तथा प्रमुख बाजार में देशभक्ति के गीत और नारे गुंजायमान रहे. रैली के समापन स्थल जयस्तंभ चौक में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा आमजनों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनका नमन किया. तिरंगा रैली में शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्कूल कालेज के छात्र-छात्राएं शामिल रही. पूरे उत्साह के साथ रैली में लोग शाामिल हुए. हर किसी मेंं देश भक्ति का जज्बा देखने को मिला, चाहे छोटा हो या बड़ा सब में उत्साह था.

रैली में ये रहें मौजूद

तिरंगा रैली में विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी राज, नगर निगम के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, अन्य पार्टी पदाधिकारी, नगर निगम के पार्षद गण शामिल रहे. रैली में कमिश्नर श्री सिंह, प्रभारी कलेक्टर तथा आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे.

Next Post

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को मिली जमानत

Mon Aug 10 , 2026
नागपुर, 10 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को नोटबंदी के खिलाफ कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन से जुड़े 2017 के एक मामले में जमानत मिली। गौरतलब है कि यह मामला 18 जनवरी, 2017 को नागपुर के कॉन्स्टिट्यूशन स्क्वायर में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के कार्यालय के बाहर कांग्रेस […]

You May Like