मुख्यमंत्री सैनी ने स्थानेश्वर महादेव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को की पूजा-अर्चना

चंडीगढ़, 10 अगस्त (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सावन माह के दूसरे सोमवार को कुरुक्षेत्र स्थित स्थानेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया और बेलपत्र, धतूरा व फूल अर्पित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धर्म और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है। कुरुक्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर विश्व स्तर पर स्थापित करने के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है और दूसरे सोमवार को बाबा का आशीर्वाद लेने का अवसर मिला। उन्होंने प्रदेश में शांति और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।

श्री सैनी का मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। मंदिर को फूलों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। इस दौरान परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं भी सुनीं।

उन्होंने कहा कि स्थानेश्वर महादेव मंदिर कुरुक्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि महाभारत युद्ध के बाद पांडवों ने यहां शिवलिंग की स्थापना कर पूजा-अर्चना की थी। उन्होंने कहा कि सावन के दौरान कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से सावन के पवित्र महीने में पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने, प्लास्टिक का प्रयोग न करने और मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

इस अवसर पर स्थानेश्वर महादेव मंदिर के महंत बाबा बंसीपुरी महाराज, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

 

Next Post

हिमाचल उच्च न्यायालय ने घर गिरने के मामले में दिया पीड़ित महिला को 2.23 करोड़ रुपये का मुआवज़ा देने का आदेश

Mon Aug 10 , 2026
शिमला, 10 अगस्त (वार्ता) हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और एक निजी कंपनी गवार शिमला हाईवे प्राइवेट लिमिटेड को एक महिला को 2.23 करोड़ रुपये का मुआवज़ा देने का निर्देश दिया है। चाम्याना में चार-लेन वाले शिमला बाईपास परियोजना के निर्माण के दौरान इस महिला […]

You May Like