भोपाल: एक ओर राजधानी भोपाल में स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 को लेकर नगर निगम और प्रशासन शहर को साफ-सुथरा दिखाने के लिए अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दानिश कुंज के पीछे स्थित खाली सरकारी भूमि पर नगर निगम की कचरा गाड़ियां लगातार कचरा डम्प कर रही हैं। स्थानीय लोगों ने इसे लेकर नाराजगी जताई है और हरियाली को नुकसान पहुंचने की आशंका व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार, जिस सरकारी जमीन पर कचरा डाला जा रहा है वहां बड़ी मात्रा में हरियाली मौजूद है। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले एक बिल्डर द्वारा इस भूमि पर भराव कर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। उस समय कोलार तहसीलदार ने कार्रवाई करते हुए काम रुकवा दिया था।
अब उसी जमीन का उपयोग कचरा डम्पिंग के लिए किए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। खास बात यह है कि पिछले दो दिनों से केंद्रीय स्वच्छता दल भी राजधानी में सर्वेक्षण के लिए मौजूद है। ऐसे में सरकारी भूमि पर खुले में कचरा डाले जाने से स्वच्छता अभियान की व्यवस्थाओं पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
