सीहोर। शहर की पहचान बन चुकी ऐतिहासिक चुनरी यात्रा का 13वां आयोजन हिंद रक्षक युवा समिति द्वारा किया गया. गंज स्थित करोली वाली माता मंदिर से शुरू हुई 151 मीटर लंबी चुनरी यात्रा में हजारों महिलाएं और श्रद्धालु शामिल हुए. करीब 4 किलोमीटर की यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई इलाही माता मंदिर हनुमान फाटक कस्बा पहुंचकर महाआरती और प्रसादी वितरण के साथ संपन्न हुई. यात्रा के दौरान जगह-जगह स्वागत किया गया. नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए किया जाता है.
इसी दौरान सलकनपुर देवी धाम में शनिवार को करीब 1.50 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। दो दिन की छुट्टी के चलते सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. भीड़ नियंत्रित करने के लिए इटारसी जोड़ पर वाहनों को रोककर अंतराल से छोड़ा गया. सीढ़ी मार्ग, सड़क और रोप-वे तीनों जगह श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. ऊपर और नीचे बने पार्किंग स्थल भी पूरे दिन खचाखच भरे रहे.
