बरुआ नदी रपटे पर फंसा मिला नवजात का शव 

सतना:जिले के उचेहरा क्षेत्र अंतर्गत बरुआ नदी पर मौजूद पुराने और बंद पड़े रपटे पर रविवार को एक नवजात का शव फंसा देख लोगों के बीच सनसनी फैल गई. पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर सीएचसी की मर्चरी में भेज दिया गया. जहां पर सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा.प्राप्त जानकारी के अनुसार उचेहरा स्थित बरुआ नदी पर पुराना रपटा न सिर्फ क्षतिग्रस्त हो चुका है. बल्कि नदी पर पुल बनने के बाद रपटे का उपयोग भी लगभग बंद हो चुका है. रविवार की शाम इसी रपटे के बीच से गुजर रहे पानी के बीच फंसे एक नवजात के शव पर जब कुछ लोगों की नजर पड़ी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.

पहले तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ, लेकिन पास जाकर देखने पर नवजात का शव पॉलीथीन में लिपटा नजर आया. यह देखते ही फौरन घटना की सूचना उचेहरा थाने को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने आस पास मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए नवजात के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया. लेकिन किसी तरह की जानकारी नहीं मिल पाने पर शव को कब्जे में लेकर उचेहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया. जहां पर सोमवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार रपटे पर मिले शव से दुर्गंध आ रही थी. जिसके चलते उसके 2-3 दिन पुराना होने की आशंका जताई गई. इसके साथ ही यह संभावना भी जताई गई कि नवजात के शव को कहीं और से पानी में फेंका गया होगा और वह पानी में बहते हुए यहां तक पहुंचकर रपटे में फंस गया होगा. वहीं पुलिस द्वारा मुखबिरों सहित अन्य क्षेत्रीय लोगों से पूछताछ करते हुए नवजात के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है.

Next Post

रिश्तों के महत्व को रेखांकित कर सामाजिक विमर्श खड़ा करता नाटक रेशन कार्ड

Mon Aug 10 , 2026
इंदौर: 21 वीं सानंद नाट्य स्पर्धा में रविवार को प्रथमेश पवार लिखित और पंकज वागले निर्देशित नाटक ‘रेशन कार्ड’ की बेहतरीन प्रस्तुति दी गई. संस्था नटरंग उत्सव द्वारा मंचित नाटक एक साधारण से घरेलू प्रसंग के बहाने परिवार के भीतर लगातार बढ़ती भावनात्मक दूरियों, संवादहीनता और रिश्तों में छिपी संवेदनाओं […]

You May Like