
नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि कहा कि देश में कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए महानगरों से बाहर भी कैंसर की जांच, उपचार और देखभाल की सुविधाओं का विस्तार करना जरूरी है। परमाणु ऊर्जा विभाग की ओर से आज बताया गया है कि डॉ. सिंह ने विदिशा मेडिकल कॉलेज में डे-केयर कैंसर सुविधा का उद्घाटन करने के बाद कहा कि देश में कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए महानगरों से बाहर भी कैंसर की जांच, उपचार और देखभाल की सुविधाओं का विस्तार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि टाटा मेमोरियल सेंटर (टीएमसी) के माध्यम से परमाणु ऊर्जा विभाग देश के विभिन्न हिस्सों में कैंसर उपचार की सुविधाओं को मजबूत करने पर काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि विदिशा में शुरू की गयी सुविधा व्यापक कैंसर देखभाल कार्यक्रम की दिशा में पहला कदम है। टीएमसी ने मेडिकल कॉलेज के लिए उपकरण एवं दवाओं की खरीद, मेडिकल और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, रेडियोथेरेपी, पैथोलॉजी, सामुदायिक जागरूकता, कैंसर रजिस्ट्री और पैलिएटिव केयर सहित विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। जून 2026 में टीएमसी के विशेषज्ञों ने कैंसर गैप केयर एनालिसिस किया था। इसके साथ आयोजित स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर में 586 कैंसर मरीज और 254 संदिग्ध मामले सामने आये थे।
उन्होंने कहा कि कैंसर उपचार के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है। विदिशा के दो डॉक्टर और सात नर्सिंग अधिकारी मुंबई स्थित एडवांस्ड सेंटर फॉर ट्रीटमेंट, रिसर्च एंड एजुकेशन इन कैंसर में ऑन्कोलॉजी प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कैंसर से मुकाबले में केवल उपचार ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोकथाम और शुरुआती पहचान पर भी समान रूप से ध्यान देना होगा। उन्होंने नागरिकों और समाज से खाद्य मिलावट जैसी उन गतिविधियों को रोकने में सहयोग करने की अपील की, जो कैंसर के बोझ को बढ़ा सकती हैं। उन्होंने बताया कि टीएमसी का कैंसर देखभाल नेटवर्क अब सात राज्यों में 11 संस्थागत इकाइयों तक पहुंच चुका है, जबकि नेशनल कैंसर ग्रिड 380 से अधिक कैंसर केंद्रों, शोध संस्थानों और अन्य संगठनों को जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विदिशा जैसी पहल का उद्देश्य लोगों को उनके घर के नजदीक व्यापक और गुणवत्तापूर्ण कैंसर देखभाल उपलब्ध कराना है।
