भोपाल: रविवार को तेज बारिश के बीच जिला भाजपा की तिरंगा यात्रा निकाली गई। टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और शहरवासी शामिल हुए। बारिश लगातार जारी रहने के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। हाथों में तिरंगा लेकर लोग ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए और पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
पहले तिरंगा यात्रा का रूट टीटी नगर स्टेडियम से न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे होते हुए वापस टीटी नगर तक तय किया गया था, लेकिन तेज बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा का रूट छोटा कर दिया गया। न्यू मार्केट स्थित नानके पेट्रोल पंप चौराहे से पहले ही यात्रा को वापस टीटी नगर की ओर मोड़ दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलेट बाइक से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे और इसके बाद हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी यात्रा में मौजूद रहे।
यात्रा में शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में बच्चे भी पहुंचे। बारिश के बावजूद बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई बच्चे अलग-अलग किरदारों की वेशभूषा में नजर आए, जिनमें डोरेमोन और मोटू-पतलू की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों ने खास आकर्षण बटोरा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी बारिश के बीच लोगों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और सभी वर्गों के लोगों ने जिस जोश के साथ तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बारिश ने यात्रा का आनंद दोगुना कर दिया और गीले होते हुए भी लोगों का उत्साह देशभक्ति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिखाता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन को याद करते हुए कहा कि इसी आंदोलन से देश में आजादी का निर्णायक संघर्ष शुरू हुआ था। उन्होंने क्रांतिकारियों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके योगदान को स्मरण करना हर राष्ट्रभक्त नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, जो 14 अगस्त तक गांव, शहर, जिला, संभाग और राजधानी स्तर पर जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत दुनिया के सामने अपनी लोकतांत्रिक ताकत और सामर्थ्य का एहसास करा रहा है। उन्होंने भारत की संस्कृति, ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘जियो और जीने दो’ की भावना के साथ देश को आगे बढ़ाने की बात कही और भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
तिरंगे के महत्व पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके तीनों रंग साहस, वीरता और बलिदान के प्रतीक हैं। उन्होंने देश की यश-कीर्ति लगातार बढ़ने की कामना करते हुए तिरंगा यात्रा में शामिल सभी भोपालवासियों को बधाई दी। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारों से टीटी नगर और आसपास का इलाका गूंजता रहा और बारिश के बीच भी देशभक्ति का माहौल बना रहा।
इस तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के साथ नशा मुक्ति का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया। लोगों को नशे से दूर रहने और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने का संकल्प भी दिलाया। इस तरह भोपाल की तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम, एकता, युवा जागरूकता और नशामुक्त समाज का संदेश भी दिया।
