इंदौर: चोरी के वाहनों की कटिंग कर उनके पार्ट्स बेचने की सूचना पर क्राइम ब्रांच ने स्क्रैप कारोबारी अल्ताफ अंसारी के गोदाम पर छापा मारा. टीम गोदाम में मौजूद वाहनों और उनके पार्ट्स की जांच कर रही है. इंजन और चेसिस नंबर के साथ वाहनों के दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि गोदाम में चोरी के वाहनों की कटिंग की जा रही थी या नहीं.
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि अल्ताफ अंसारी के स्क्रैप गोदाम में चोरी के वाहन लाकर उनकी कटिंग की जाती है और कलपुर्जे अलग कर बाजार में खपाए जाते हैं. सूचना के आधार पर टीम ने गोदाम पर दबिश देकर परिसर में रखे वाहनों की जांच शुरू की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोदाम में रखे वाहनों, कटी हुई बॉडी और अलग-अलग रखे पार्ट्स की जानकारी जुटाई. वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. इसके अलावा इंजन और चेसिस नंबरों को पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज चोरी के वाहनों से मिलाया जा रहा है.
जांच पूरी होने पर ही स्पष्ट होगी स्थिति
क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी विष्णु वास्कले ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होगी. यदि चोरी के वाहनों या उनके पार्ट्स से जुड़ी अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि स्क्रैप गोदाम की जांच की जा रही है. वाहनों के दस्तावेज, इंजन और चेसिस नंबर चेक किए जा रहे हैं. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.
