इंदौर: देशभर में चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद अब उसके दोनों भाइयों पर पुलिस ने कार्रवाई की है. कैट रोड स्थित राजा भोज ढाबे पर शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान एक भाई पर बिना वैध लाइसेंस ग्राहकों को शराब परोसने का मामला दर्ज हुआ, जबकि दूसरे पर ढाबे में काम करने वाले कर्मचारियों की जानकारी थाने में जमा नहीं कराने को लेकर कार्रवाई की गई.
दरअसल, राऊ पुलिस क्षेत्र के होटल, ढाबों और लॉज की जांच कर रही थी. इसी दौरान टीम कैट रोड स्थित राजा भोज ढाबे पहुंची. जांच में ग्राहकों को बिना वैध लाइसेंस शराब परोसे जाने की बात सामने आई. पुलिस ने ढाबे के मैनेजर सचिन रघुवंशी सहित संबंधित लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया. जांच के दौरान पुलिस को ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारियों की जानकारी थाने में जमा नहीं कराए जाने की भी जानकारी मिली. इस पर ढाबा संचालक विपिन रघुवंशी के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया. पुलिस द्वारा दोनों भाइयों सहित पांच लोगों पर कार्रवाई की गई है. पुलिस ने सभी को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया.
ढाबों की जांच जारी रहेगी…
एसीपी, निधि सक्सेना के अनुसार, राऊ क्षेत्र में होटल, ढाबों और लॉज की लगातार जांच की जा रही है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
