सारनी। सतपुड़ा ताप विद्युतगृह सारनी में ठेका मजदूरों के वेतन भुगतान और भविष्य निधि से जुड़े रिकॉर्ड को लेकर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता ने संबंधित ठेकेदारों के दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही मूल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग प्रशासन और एमपीपीजीसीएल प्रबंधन से की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ ठेका मजदूरों को निर्धारित मजदूरी का पूरा भुगतान नहीं किए जाने तथा कथित रूप से बेटे-बेटी, रिश्तेदार या परिचितों के नाम पर वेतन दर्शाए जाने से पीएफ संबंधी रिकॉर्ड में अनियमितता हुई हो सकती है। मामले की वास्तविक स्थिति संबंधित रिकॉर्ड और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
आरटीआई से मिले दस्तावेजों में विसंगतियों का दावा
शिकायतकर्ता के अनुसार, सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त दस्तावेजों में कुछ वेतन भुगतान और पीएफ प्रविष्टियों में कथित विसंगतियां सामने आई हैं। इसके बाद संबंधित श्रमिकों की वास्तविक उपस्थिति, वेतन रजिस्टर, बैंक भुगतान विवरण, उपस्थिति रिकॉर्ड और पीएफ रिकॉर्ड का आपस में मिलान कराने की मांग की गई है।
शिकायत में मूल दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और रिकॉर्ड में किसी तरह की छेड़छाड़ हुई है या नहीं, इसकी भी जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही संबंधित अवधि में कार्यरत वास्तविक श्रमिकों के बयान दर्ज कराए जाने की मांग की गई है।
कलेक्टर को भी दिया पत्र
शिकायतकर्ता ने जिला कलेक्टर बैतूल को भी पत्र देकर मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मामले से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
यदि जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। वहीं आरोपों की पुष्टि नहीं होने की स्थिति में संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
इनका कहना है
मैं अभी मीटिंग में व्यस्त हूं। बाद में इस विषय पर बात करेंगे।
मंजीत सिंह, प्रबंध संचालक, एमपीपीजीसीएल मुख्यालय, जबलपुर
