अबार माता मंदिर में चोरी की कोशिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद

छतरपुर: बुंदेलखंड के प्रसिद्ध तीर्थक्षेत्र अबार माता मंदिर में बीती रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। दरमियानी रात करीब 2 बजे बदमाश मंदिर के पीछे स्थित गेट का शटर काटकर परिसर में घुस गए। शटर काटने की आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात चौकीदार मौके पर पहुंच गए। चौकीदारों को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पकड़े गए आरोपी की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री बरामद हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद हथियार और अन्य सामान जब्त कर लिया है तथा फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी शटर काटकर मंदिर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल कर अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार सुबह रामटौरिया चौकी प्रभारी राज कपूर बघेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि मंदिर में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। लोगों ने मंदिर परिसर में 24 घंटे पुलिस सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

Fri Aug 7 , 2026
छतरपुर: गुलगंज थाना क्षेत्र के अनगौर के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय धनीराम कुशवाहा की मौत हो गई। मृतक बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के पटोरी गांव का निवासी था। हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार धनीराम कुशवाहा मोटरसाइकिल से अपने गांव पटोरी से छतरपुर […]

You May Like