
मुंबई, 07 अगस्त (वार्ता) निर्माण एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र की कपनी एलएंडटी की इकाई एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑफशोर को तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) से देश के पश्चिमी तट पर पाइपलाइन बदलने की परियोजना और तेल के कुएं के लिए प्लेटफॉर्म बनाने की परियोजना के लिए एक साथ कई ऑर्डर प्राप्त हुए हैं। पाइपलाइन बदलने की परियोजना के तहत ओएनजीसी के अपतटीय क्षेत्रों में समुद्र के नीचे से गुजरने वाली कई पाइपलाइन खंडों की इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण, स्थापना और कमीशनिंग (ईपीसीआईसी) के साथ-साथ संबंधित संशोधन कार्य किये जायेंगे। इन ऑर्डरों की कुल राशि पांच हजार से 10 हजार करोड़ रुपये के बीच है।
तेल के कुओं के लिए प्लेटफॉर्म बनाने की परियोजना के अंतर्गत चार प्लेटफॉर्म की इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण, स्थापना और कमीशनिंग का कार्य किया जायेगा। एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑफशोर अपतटीय तेल एवं गैस उद्योग के लिए एकीकृत ईपीसीआईसी समाधान प्रदान करने वाली अग्रणी कंपनी है। पिछले चार दशकों में इस व्यवसाय ने अनेक अपतटीय परियोजनाओं का सफलतापूर्वक निष्पादन किया है, जिनमें स्थायी प्लेटफॉर्म, समुद्र-तल पाइपलाइन एवं संरचनाएं, ब्राउनफील्ड उन्नयन तथा निष्क्रिय परिसंपत्तियों को हटाने से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।
कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रमुख पार्थसारथी चटर्जी ने कहा, “ये ऑर्डर भारत की अपतटीय ऊर्जा अवसंरचना के विकास में एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑफशोर की मजबूत स्थिति की पुनः पुष्टि करते हैं। ये हमारे ग्राहकों द्वारा हमारी एकीकृत ईपीसीआईसी क्षमताओं, व्यापक परियोजना निष्पादन अनुभव तथा सुरक्षा और परिचालन उत्कृष्टता के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता पर जताये गये विश्वास को दर्शाते हैं। हमें ओएनजीसी के लिए इन परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा करने और देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में योगदान देने की आशा है।”
