सीहोर। गुरुवार को भी बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री शहर के सीवन नदी तट पर पहुंचे और पवित्र जल लेकर भगवान शिव के जयकारों के साथ कुबेरेश्वरधाम की ओर रवाना हुए.
पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने संदेश में कहा कि कांवड़ यात्रियों के कारण सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक का मार्ग तीर्थ पथ में बदल गया है. उन्होंने बताया कि मार्ग में अनेक स्थानों पर क्षेत्रवासियों और सामाजिक संगठनों द्वारा सेवा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां कांवड़ यात्रियों का स्वागत कर उन्हें विभिन्न प्रकार की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं. कुबेरेश्वरधाम पर जारी पांच दिवसीय ऑनलाइन शिव महापुराण के चौथे दिन अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा ने शिव की भक्ति और श्रद्धा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि भक्त के भाव शुद्ध होंगे तो भगवान शिव उसके समक्ष अवश्य उपस्थित होंगे. भगवान की भक्ति केवल दिखावे के लिए नहीं, बल्कि सच्चे और भावपूर्ण मन से की जानी चाहिए.
