
सीधी। अमिलिया पुलिस की कार्रवाई में अवैध गांजे की खेती करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर 50 हजार रुपये कीमत के हरे गांजे के पेड़ जप्त किये गये। अमिलिया पुलिस के अनुसार दिनांक 05 अगस्त 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे मुखबिर के माध्यम से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रामनगर कला का निवासी यदुनाथ यादव पिता बंशपति यादव उम्र 51 वर्ष अपने खेत (कोलिया) में केला के पेड़ों के बीच अवैध रूप से बिक्री के उद्देश्य से मादक पदार्थ गांजा की खेती कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अमिलिया पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 3 नग गांजे के हरे पेड़ ऊंचाई लगभग 8 फीट जप्त किए। जप्तशुदा मादक पदार्थ का कुल वजन 5 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है।
आरोपी के विरुद्ध थाना अमिलिया में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय सीधी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जिला जेल सीधी भेज दिया गया है। उक्त त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक आरके बैस, उनि राजमणि अहिरवार, सउनि उग्रभान मिश्रा, प्रआर विक्रम सिंह, राजभान प्रजापति एवं आरक्षक दीपेन्द्र सिंह की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
