भोपाल, 01 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा आज राज्य के सीएम राइज स्कूलों का नाम बदलकर सांदीपनि विद्यालय किए जाने की घोषणा को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि शिक्षा में असली सुधार की आवश्यकता है, दिखावे की नहीं।
श्री सिंघार ने एक्स पर पाेस्ट करते हुए कहा, ”ये है भाजपा के विकास की नई परिभाषा! पहले बेरोजगारों को ‘आकांक्षी’ नाम दिया अब मोहन सरकार ने शिवराज सरकार में जारी सीएम राइज स्कूल योजना का नाम बदलकर ‘सांदीपनि’ रख दिया है। क्या ये बदलाव शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए है या सिर्फ नाम बदलकर दिखावे की राजनीति को चमकाने और नया रंग बनाने के लिए है? जब शिक्षा के असली मुद्दों पर काम करने की जरूरत थी, तब सरकार ने नाम बदलने की दिशा में कदम उठाया। जनता अब मूर्ख नहीं है, ये सब नाम बदलने की सस्ती राजनीति है। हमें असली सुधार चाहिए, दिखावा नहीं!! ”
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आज यहां राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह घोषणा की की कि राज्य में सीएम राइज स्कूलों का नाम सांदीपनि विद्यालय किया जाएगा।
