
ग्वालियर। शहर की उभरती और प्रतिभाशाली मॉडल हिमांशी शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर ग्वालियर और पूरे मध्यप्रदेश का मान बढ़ाया है। पुणे में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता मिस इंडिया एम्प्रेस ऑफ द नेशन 2026″ का ताज अपने नाम कर उन्होंने इतिहास रच दिया है। इस बड़ी उपलब्धि के साथ वे ग्वालियर की ऐसी पहली मॉडल बन गई हैं जिन्होंने यह राष्ट्रीय खिताब जीता है।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता चार दिनों तक चली, जिसमें देश भर से चुनी गई बेहतरीन प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
शुरुआती तीन दिन: ग्रूमिंग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, रैंप वॉक और विभिन्न कड़े मूल्यांकन सत्र आयोजित किए गए। ग्रैंड फिनाले में अपने गज़ब के आत्मविश्वास, बेहतरीन व्यक्तित्व और शानदार प्रदर्शन के दम पर हिमांशी शर्मा ने ज्यूरी का दिल जीतते हुए प्रतियोगिता का फाइनल अपने नाम किया।
शहर भर में खुशी की लहर, किया सम्मानित
हिमांशी की इस ऐतिहासिक सफलता पर शहर के प्रतिष्ठित संस्थानों और प्रबुद्धजनों ने उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जीवाजी क्लब के अध्यक्ष राजेन्द्र सेठ, उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, सचिव संजय वर्मा, संयुक्त सचिव केतन करन अग्रवाल और कोषाध्यक्ष संजय नीखरा ने हिमांशी को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता ग्वालियर की युवा पीढ़ी के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगी। श्री जी इवेंट्स एंड प्लानर्स संस्था के संस्थापक नितिन कुमार अग्रवाल और टीम से मिस ट्विकल सेन ने हिमांशी को बधाई दी। नितिन अग्रवाल ने कहा, “हिमांशी की मेहनत, समर्पण और अटूट आत्मविश्वास ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प के साथ बड़े से बड़ा सपना साकार किया जा सकता है।
जीत का श्रेय परिवार और मार्गदर्शकों को दिया
अपनी इस शानदार सफलता पर गर्व महसूस करते हुए हिमांशी शर्मा ने इसका पूरा श्रेय अपने परिवार, मार्गदर्शकों और सभी शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा—”यह जीत सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि हर उस बेटी की है जो बड़े सपने देखने और उन्हें पूरी शिद्दत से पूरा करने का साहस रखती है।”
