सुवांगी संजीवनी प्रधान भोपाल। डॉ. लीना गेहानी, स्कीन एक्सपर्ट इनसे आइये जानते हैं। …क्या है उपाय
प्रश्न 1. बारिश के मौसम में सबसे अधिक कौन-सी त्वचा संबंधी बीमारियां देखने को मिलती हैं?
उत्तर: बारिश के मौसम में सबसे अधिक फंगल इंफेक्शन देखने को मिलता है। इनमें मुख्य रूप से रिंगवर्म (दाद), एक्जिमा, एथलीट्स फुट और फॉलिकुलाइटिस शामिल हैं। फॉलिकुलाइटिस स्कैल्प (सिर की त्वचा) में होने वाला संक्रमण है। नमी और पसीना बढ़ने के कारण इन बीमारियों के मामले इस मौसम में काफी बढ़ जाते हैं।
प्रश्न 2. फंगल इंफेक्शन क्या है? इसके प्रमुख लक्षण और कारण क्या हैं?
उत्तर: फंगल इंफेक्शन कई प्रकार के होते हैं, लेकिन बारिश के मौसम में सबसे सामान्य रिंगवर्म (दाद) होता है। इसमें त्वचा पर लाल रंग के अनियमित (Irregular) चकत्ते दिखाई देते हैं। यह संक्रमण उन हिस्सों में अधिक होता है, जहां नमी और पसीना ज्यादा रहता है, जैसे बगल (Underarms), जांघों के अंदरूनी हिस्से (Inner Thighs) और महिलाओं में स्तनों के नीचे का भाग। इसमें तेज खुजली (Intense Itching) होती है, जो समय के साथ बढ़ सकती है।
प्रश्न 3. एथलीट्स फुट क्या होता है और इससे कैसे बचाव कर सकते हैं। ……….
उत्तर: एथलीट्स फुट पैरों में होने वाला एक फंगल संक्रमण है। यह अक्सर खिलाड़ियों, छात्रों और लंबे समय तक जूते पहनने वाले लोगों में देखा जाता है। लगातार जूते पहनने से पैरों की उंगलियों के बीच नमी जमा हो जाती है, जिससे खुजली, लाल चकत्ते और पानी वाले दाने (Watery Rashes) हो सकते हैं।
इससे बचाव के लिए:
ऑफिस या बाहर से आने के बाद जूते उतारकर पैरों को साफ पानी से धोएं।
पैरों को अच्छी तरह सुखाएं।
यदि जरूरत हो तो एंटीफंगल पाउडर का उपयोग करें।
पैरों को हमेशा सूखा रखने की कोशिश करें।
प्रश्न 4. बारिश के मौसम में एक्जिमा और स्किन एलर्जी की समस्या क्यों बढ़ जाती है?
उत्तर: बारिश के मौसम में बढ़ी हुई नमी (Humidity) और पसीना इसकी सबसे बड़ी वजह हैं। इसके अलावा जून-जुलाई के दौरान वातावरण में कई तरह के एलर्जेन (Allergens) मौजूद रहते हैं। कुछ लोगों में भोजन से होने वाली एलर्जी भी इस मौसम में बढ़ जाती है, जिससे स्किन रैशेज, एक्जिमा और अन्य एलर्जिक समस्याएं हो सकती हैं।
प्रश्न 5. अगर कोई व्यक्ति बारिश में भीग जाए, तो त्वचा और स्कैल्प को संक्रमण से बचाने के लिए क्या करना चाहिए?
उत्तर: बारिश में भीगने के बाद केवल तौलिये से शरीर पोंछकर कपड़े बदल लेना पर्याप्त नहीं है। बारिश के पानी के साथ त्वचा पर कई प्रकार के संक्रमणकारी जीवाणु और फंगस भी आ सकते हैं।
ऐसी स्थिति में:
घर पहुंचकर हल्के गुनगुने पानी से दोबारा स्नान करें।
शरीर और स्कैल्प को अच्छी तरह सुखाएं।
जरूरत पड़ने पर बालों को ड्रायर से भी सुखाया जा सकता है।
गीले कपड़े तुरंत बदलें और केवल पूरी तरह सूखे कपड़े ही पहनें।
प्रश्न 6. बारिश के मौसम में फंगल संक्रमण से बचने का सबसे प्रभावी उपाय क्या है?
उत्तर: सबसे महत्वपूर्ण बात है कि शरीर, त्वचा, बाल और पैरों को हमेशा सूखा रखें। जितना कम नमी रहेगी, फंगल संक्रमण का खतरा उतना ही कम होगा। साफ-सफाई, सूखे कपड़े और त्वचा को ड्राई रखना ही बचाव का सबसे अच्छा तरीका है
