ग्राम बयडा में वाहनों में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने वाले 3 आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

आलीराजपुर । पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री रघुवंशसिंह ने बताया कि 3 अगस्‍त को थाना बोरी पुलिस द्वारा सामूहिक मारपीट, तोड़फोड़ एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।

फरियादी जोगडा पिता नगरसिंह डावर, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम बयडा भीलाला फलिया ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 अगस्त की रात्रि लगभग 9 बजे आरोपी भीयान, आकम, इतिश, अंकुल एवं अश्विन उसके घर पहुंचे तथा शराब पीने के लिए जबरन रुपये मांगने लगे। रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने अश्लील गालियां देते हुए फरियादी एवं उसके परिजनों पर पत्थरबाजी की, जिससे उन्हें चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों पर भी आरोपियों ने पथराव किया। इसके पश्चात आरोपियों ने फरियादी के घर के आंगन में खड़े विभिन्न चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों पर पत्थरों एवं लकड़ियों से हमला कर व्यापक तोड़फोड़ की। साथ ही घर के दरवाजे एवं मकान को भी क्षति पहुंचाई तथा स्वयं को क्षेत्र का दबंग बताते हुए भविष्य में रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना बोरी पुलिस ने तत्काल घटना पर से अपराध क्रमांक 117/2026 अंतर्गत धारा 324(4), 119(1), 351(3), 296 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की। त्‍वरित अनुसंधान एवं लगातार दबिश की कार्यवाही के कारण 24 घंटे के भीतर आरोपी भीयान पिता खुमान, आकम पिता मंगलिया तथा इतिश पिता आकम, निवासी ग्राम बयडा को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया। शेष 2 आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

यह संपूर्ण कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जोबट श्री आशुतोष के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बोरी निरीक्षक नेपालसिंह चौहान एवं अधीनस्‍थ पुलिस टीम द्वारा की गई।

आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक का संदेश

जिला पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। किसी भी व्यक्ति द्वारा मारपीट, तोड़फोड़, धमकी अथवा कानून हाथ में लेने जैसी आपराधिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे सभी घटनाओं में संलिप्‍तों के विरूद्ध विधि अनुसार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जायेगी।

Next Post

हड़ताल पर पटवारी, राजस्व सेवाएं प्रभावित

Wed Aug 5 , 2026
सीधी। मध्यप्रदेश में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब सीधी जिले में भी दिखाई देने लगा है। जिले के 350 पटवारियों के सामूहिक रूप से हड़ताल पर जाने से राजस्व विभाग, किसान कल्याण और आम नागरिकों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन और ऑफलाइन सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। […]

You May Like