कलेक्टर ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पेटलावद का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद

पेटलावद. कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बुधवार को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पेटलावद का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रयोगशालाओं, छात्रावास एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं एवं छात्रावास संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रत्येक कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों से पाठ्यपुस्तकों का वाचन कराया तथा उनकी अध्ययन क्षमता का आकलन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन मिलने वाले नाश्ते की गुणवत्ता एवं नियमितता के संबंध में जानकारी ली। छात्रावास में रह रही छात्राओं से भी चर्चा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं किसी प्रकार की समस्या के बारे में पूछा तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कलेक्टर ने उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं तथा कितने विद्यार्थी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में जाना चाहते हैं। इस दौरान एक छात्र ने आर्टिस्ट बनने की इच्छा व्यक्त की, जबकि एक छात्रा ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनने का लक्ष्य बताया। कलेक्टर ने छात्रा से सीए बनने की प्रक्रिया एवं आवश्यक तैयारी के संबंध में प्रश्न पूछकर उसका उत्साहवर्धन किया तथा सभी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर नियमित अध्ययन करने की प्रेरणा दी।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की सभी प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया तथा उपलब्ध उपकरणों एवं संसाधनों का निरीक्षण कर उनके समुचित उपयोग एवं रखरखाव के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ के साथ बैठक आयोजित कर शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, छात्रावास व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

उन्होंने अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आवासीय एवं भोजन व्यवस्था उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

 

इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा उपस्थित रहे।

Next Post

त्योहारों को लेकर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी

Wed Aug 5 , 2026
धार,  जिला दण्डाधिकारी श्री राजीव रंजन मीना ने आगामी दिनों में विश्व आदिवासी दिवस, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस, मिलाद-उन-नबी, जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, गांधी जयंती, अनंत चतुर्दशी, तेजा दशमी, डोल ग्यारस, पारसी नववर्ष दिवस सहित विभिन्न धार्मिक पर्वों, जुलूसों एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों को दृष्टिगत रखते हुए लोक शांति, सार्वजनिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था […]

You May Like