संपत्तिकर रिकॉर्ड में हेराफेरी पर सहायक राजस्व निरीक्षक सस्पेंड

​ग्वालियर: नगर निगम ग्वालियर में संपत्तिकर (Property Tax) रिकॉर्ड में गंभीर हेरफेर का मामला सामने आया है। निगमायुक्त संघ प्रिय ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक राजस्व निरीक्षक नरेंद्र कुशवाह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है और उन्हें स्वास्थ्य विभाग में अटैच कर दिया गया है।

​शिकायतकर्ता सुरेश बनवानी (निवासी – टैगोर नगर वार्ड 30) ने संपत्ति की मूल आईडी बदलकर अवैध तरीके से विक्रय और नामांतरण प्रक्रिया पूरी करने का उन पर आरोप लगाया है। निगमायुक्त द्वारा सहायक राजस्व निरीक्षक नरेंद्र कुशवाह को सस्पेंड कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि महज एक घंटे के भीतर संपत्ति के मालिक का नाम बदल दिया गया था।

​पूरा मामला

​टैगोर नगर वार्ड 30 निवासी सुरेश बनवानी ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी संपत्ति, जिसका वे नियमित रूप से संपत्तिकर जमा कर रहे थे, उसके रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी की गई है।

​शिकायत के अनुसार, संपत्ति की मूल आईडी (1000255876) के स्थान पर दूसरी संपत्ति आईडी (1000107294) का इस्तेमाल किया गया। इसी फर्जी रसीद और गलत दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति के विक्रय और नामांतरण की प्रक्रिया को अंजाम दिया गया तथा अन्य व्यक्तियों ने गलत विवरण प्रस्तुत कर रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया। ​प्रथम दृष्टया जांच में गड़बड़ी पुख्ता पाए जाने के बाद निगमायुक्त ने यह सख्त प्रशासनिक कदम उठाया है।

Next Post

शराब की दुकान हटाने कलेक्ट्रेट पहुंचीं विधायक मुंजारे 

Tue Aug 4 , 2026
बालाघाट, नगर पालिका बालाघाट के वार्ड क्रमांक 12 में संचालित शराब दुकान के स्थानांतरण की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ विधायक अनुभा मुंजारे ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर नियमित जनसुनवाई में भाग लिया। इस दौरान नवनियुक्त जिला कलेक्टर श्री कुमार सत्यम से […]

You May Like