बिरयानी में अजीनोमोटो, मिर्च-सौंफ में रंग की आशंका

इंदौर: खाद्य सुरक्षा को लेकर मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित मीरा गार्डन के पास एक बिरयानी केंद्र का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान यहां वेज बिरयानी, इडली-सांभर और उपमा का निर्माण व विक्रय होता मिला. प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने दुकान को सील कर दिया.

जांच में सामने आया कि खाद्य सामग्री का निर्माण सर्वानंद नगर स्थित परिसर में किया जा रहा था और वहां से तैयार खाद्य पदार्थ खंडवा रोड सहित शहर के अलग-अलग आउटलेट्स पर भेजे जा रहे थे. अधिकारियों के अनुसार, निर्माण स्थल और खाद्य सामग्री के विक्रय स्थल दोनों के लिए मौके पर आवश्यक खाद्य अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं की गई.

पानी और पेस्ट कंट्रोल की रिपोर्ट भी नहीं मिली
निरीक्षण के दौरान संचालक की ओर से पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई. खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर मैजिक बॉक्स के माध्यम से खाद्य पदार्थों की प्रारंभिक जांच की. जांच के दौरान मिर्च पाउडर और सौंफ में कृत्रिम रंग मिलाए जाने की आशंका सामने आई.

मिर्च पाउडर, सौंफ और बिरयानी के नमूने लिए
आशंका के आधार पर टीम ने मिर्च पाउडर और सौंफ के नमूने लिए. इसके साथ ही वेज बिरयानी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, बिरयानी तैयार करने में अजीनोमोटो (एमएसजी) का इस्तेमाल किया जाना भी पाया गया. लिए गए नमूनों को आगे की जांच के लिए भेजा जाएगा. रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के तहत आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

दुकान सील, आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के बाद
खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद संबंधित दुकान को सील कर दिया गया. विभाग अब लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट और सामने आई अनियमितताओं के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करेगा. अचानक हुई इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही

Next Post

मुकुंदपुर टाइगर सफारी मैहर में ही रखने की मांग

Thu Aug 20 , 2026
सतना:सांसद गणेश सिंह ने मैहर जिले के विकास से जुड़ी कई मांगें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं।उन्होंने सबसे पहले मुकुंदपुर टाइगर सफारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुकुंदपुर की टाइगर सफारी मैहर जिले में है, लेकिन परिसीमन के दौरान इसे कहीं और ले जाने की कोशिश की जा रही […]

You May Like