
ब्यावरा। जिले में एक बार फिर डेंगू ने दस्तक दे दी है. बीते 8 दिन में डेंगू पॉजिटिव केे 5 मामले सामने आये है, जो कि जिले के विभिन्न स्थानों से है. ताजा मामला बुधवार को जिला मुख्यालय राजगढ़ में सामने आया है.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को राजगढ़ के पुरा क्षेत्र निवासी एक पुरुष की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आयी. इसके दो दिन पूर्व यानि 10 नवम्बर को खिलचीपुर तहसील के ग्राम सतनखेड़ी निवासी दो लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आयी. इनमें 55 वर्षीय एक पुरुष तथा एक 35 वर्षीय महिला शामिल है. इसके कुछ दिन पूर्व राजगढ़ ब्लॉक के ग्राम निपानिया निवासी एक मरीज की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आयी थी.
जुलाई से आने लगे थे मामले
प्राय: सितम्बर माह में डेंगू बीमारी की दस्तक जिले में होती रही है किंतु इस बार जुलाई माह में ही डेंगू ने अपनी दस्तक दे दी थी. एक बार फिर डेंगू पॉजिटिव आने के मामले बढऩे पर स्वास्थ्य विभाग का अमला हरकत में आ गया है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया जाकर सलाह दी जाएगी.
तेज बुखार, हड्डियों में दर्द होता
प्राय: डेंगू मादा एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से होता है. इसके लक्षण में तेज बुखार आने के साथ ही आंखों के यहां तथा हड्डियों में दर्द होता है. सात-आठ दिन तक यह होता है. शरीर में लाल धब्बे होकर खुजली होती है. ऐसे में मरीज को पूरी सावधानी बरतते हुए चिकित्सक को बताकर तुरंत उपचार शुरु करना है.
जमा पानी से रहता खतरा
प्राय: डेंगू पानी में पनपने वाले एक मच्छर के काटने से फैलता है. बारिश या फिर सामान्य दिनों में घर के आसपास, गड्ढो में भरे पानी में यह मच्छर पनपते है. सावधानी के तौर पर अपने आसपास पानी जमा न होने दे. परन्तु नगर में जगह-जगह पॉश कॉलोनियों, सार्वजनिक स्थानों, स्कूल, अस्पताल, बस स्टेण्ड के आसपास, खाली प्लाटो में बारिश का पानी भर जाता है जिसमें मच्छर पनपते है. आज भी कई जगह पर पानी जमा हुआ देखा जा सकता है.
झालावाड़, भोपाल में भी बढ़े मामले
जानकारी के अनुसार राजस्थान के झालावाड़ तथा भोपाल में भी डेंगू पॉजिटिव के मामले सामने आये है. झालावाड़ से राजगढ़ जिले में हर दिन बड़ी संख्या में नागरिकों का आना-जाना होता है. प्राय: देखा गया है कि ठंड के दिनों में डेंगू के मामले कम होने लगते है किंतु वर्तमान में डेंगू के आ रहे पॉजिटिव मामलों के पीछे संक्रमण, कभी ठंड या फिर गर्मी के साथ मौसम में हो रहे बदलाव आदि को देखा जा रहा है.
12 नवम्बर को राजगढ़ के पुरा में एक मरीज की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आयी है. दो दिन पूर्व खिलचीपुर तहसील के सतनखेड़ी गांव में दो मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी. सतत् निगरानी रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमे प्रभावित जगहों पर पहुंच रही है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे है.
डा. महेन्द्रपाल सिंह
महामारी नियंत्रक जिलाधिकारी
जिला चिकित्सालय राजगढ़
