बीजिंग, 07 जनवरी (वार्ता/शिन्हुआ) चीन में शिजांग स्वायत्त क्षेत्र के डिंगरी काउंटी में मंगलवार को विनाशकारी भूकंप से 126 लोगों की मौत हो गई और 188 अन्य घायल हुए हैं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गयी।
शिन्हुआ ने शाम सात बजे तक का यह आंकड़ा दिया है। इस घटना में हताहतों की संख्या में वृद्धि दर्ज किये जाने की आशंका भी बनी हुई है।
भूकंप आज सुबह 9:05 बजे (बीजिंग समयानुसार) आया, जिसका केंद्र डिंगरी काउंटी के त्सोगो टाउनशिप में 28.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.45 डिग्री पूर्वी देशांतर में सतह से 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। भूकंप के केंद्र के 20 किलोमीटर के दायरे में 27 गांव हैं और लगभग 6,900 लोग रहते हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, डिंगरी काउंटी की आबादी 61, 000 से ज्यादा है।
भूकंप पर आयोजित किए गए एक संवाददाता सम्मेलन के अनुसार, 3,400 से अधिक बचावकर्मियों और 340 से अधिक चिकित्सा कर्मचारियों को भूकंप प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, डिंगरी में अगले तीन दिनों में ज्यादातर धूप खिली रहेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान शून्य से 18 डिग्री सेल्सियस कम से शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस नीचे के बीच रहेगा।
भूकंप के तेज झटकों के कारण 1,000 से अधिक घर अलग-अलग स्तर के क्षतिग्रस्त हुए हैं। भूकंप के बाद चीन भूकंप प्रशासन ने स्तर-2 की आपातकालीन सेवा प्रतिक्रिया शुरू की और आपदा राहत प्रयासों में सहायता के लिए एक कार्य दल को मौके पर भेजा। शिजांग स्वायत्त क्षेत्र ने भी भूकंप के लिए स्तर-2 की आपातकालीन प्रतिक्रिया जारी की।
सूती टेंट, सूती कोट, रजाई और फोल्डिंग बेड सहित लगभग 22,000 आपदा राहत सामग्री, साथ ही ऊंचाई और ठंडे क्षेत्रों के लिए विशेष राहत सामग्री केंद्रीय अधिकारियों द्वारा भूकंप प्रभावित क्षेत्र में भेजी गई है। वहीं, 1,500 से अधिक स्थानीय अग्निशमन और बचावकर्मियों को भी मौके पर भेजा गया है।
भूकंप वैज्ञानिकों ने अब तक 49 झटके दर्ज किये हैं।
