
इंदौर. आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश कर दो सटोरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. राऊ क्षेत्र के एक मकान से मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट के जरिए सट्टा लगाया जा रहा था. आरोपी पासवर्ड प्रोटेक्टेड ‘्रष्टष्ट३२’ एप्लीकेशन और ‘स्वास्तिक सॉफ्टवेयर’ के जरिए सट्टे का अवैध नेटवर्क चला रहे थे
पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस आयुक्त और डीसीपी क्राइम ब्रांच के मार्गदर्शन में टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. 15 मई की रात करीब 11.50 बजे मुखबिर की सूचना पर रंगवासा क्षेत्र स्थित लाभम पार्क के एक मकान पर दबिश दी गई. इसमें मौके पर आरोपी चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर हार जीत का दांव लगाते मिले. पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ‘जगदंबा बुक’ नेटवर्क से जुड़े हैं और ऑनलाइन एप्लीकेशन के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे.
पासवर्ड प्रोटेक्टेड एप से हिसाब-किताब रखते थे आरोपी
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी लैपटॉप में ‘एसीसी32’ नामक पासवर्ड प्रोटेक्टेड एप से हिसाब-किताब रखते थे, जबकि टैबलेट में स्वास्तिक ‘सॉफ्टवेयर’ के माध्यम से लाइव रेट और दांव संचालित किए जा रहे थे. गिरोह संगठित तरीके से लोगों को जोड़कर अवैध लाभ कमा रहा था. गिरफ्तार आरोपियों में रोहित भंडारी उम्र 39 साल निवासी लोकनायक नगर, एयरपोर्ट रोड और अर्जुन गुप्ता उम्र 33 साल निवासी विधुर नगर, हवा बंगला शामिल हैं. पुलिस ने मौके से 3 मोबाइल फोन, एसर कंपनी का लैपटॉप, सैमसंग टैबलेट, सैंडिस्क पेनड्राइव, एयरटेल वाई फाई राउटर और हिसाब किताब की डायरी जब्त की है.
लगभग 3 लाख रुपए है जब्त सामग्री की कीमत
पुलिस टीम द्वारा जब्त सामग्री की कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है. आरोपियों के खिलाफ बीएनएस व पब्लिक जुआ अधिनियम की धारा के साथ ही आईटी एक्ट की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया है. मामले में पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा है. मामले की विस्तृत जांच कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है.
