
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना ने न केवल बहनों का जीवन बदला है, बल्कि मध्यप्रदेश के भविष्य की दिशा भी परिवर्तित की है। सिवनी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने एक करोड़ 26 लाख से अधिक बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से 1857 करोड़ रुपये अंतरित किए। अब प्रत्येक बहन को हर माह 1500 रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना मदद नहीं, अवसर देने की योजना बन चुकी है, जिसने महिलाओं में आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का संचार किया है।
डॉ. यादव ने सिवनी जिले में 560 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 114 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया तथा घंसौर में स्टेडियम, लामटा-पांडिया छपारा पुल और नई सड़कों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब तक लाड़ली बहनों को 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि दी जा चुकी है और सरकार महिलाओं को रोजगार आधारित उद्योगों से जोड़ने, राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने और पशुपालन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों को धान का बोनस, गेहूं-मक्का की उचित कीमत और बिजली बिल सरचार्ज माफी योजना की भी घोषणा की।
