इंदौर: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में बिना हेलमेट बाइक पर स्टंट करती युवती अब पुलिस के शिकंजे में आ गई है. एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच के निर्देश पर बुधवार को युवती को पुलिस कार्यालय बुलाया गया, जहां उसके खिलाफ दो चालान बनाए गए और मौके पर ही जुर्माना वसूला गया.मंगलवार को सामने आए वीडियो में युवती खतरनाक तरीके से बाइक चलाते हुए दिखाई दी थी. न तो उसने हेलमेट पहना था और न ही ट्रैफिक नियमों का पालन किया.
वीडियो वायरल होने के बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और सोशल मीडिया से युवती की पहचान कर ली। इसके बाद उसे नोटिस देकर बुलाया गया.एडिशनल डीसीपी क्राइम दंडोतिया ने बताया कि युवती पर बिना हेलमेट वाहन चलाने और लापरवाहीपूर्वक स्टंट करने के मामले में चालानी कार्रवाई की गई है. साथ ही वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाया गया. अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ऐसे स्टंट न सिर्फ खुद की जान जोखिम में डालते हैं बल्कि सड़क पर दूसरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं. पुलिस ने साफ किया कि सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
