
इंदौर. नशे के खिलाफ चलाए गए जनजागरूकता अभियान में जीआरपी इंदौर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है. नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत 16 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ आयोजित मानव श्रृंखला कार्यक्रम को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने दर्ज कर जीआरपी रेल इकाई इंदौर को सम्मानित किया है.
21 जुलाई को इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास सहित 16 रेलवे स्टेशनों पर आयोजित इस कार्यक्रम में 4,013 लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्ति का संदेश दिया था. इसमें विद्यार्थी, यात्री, रेलवे कर्मचारी, वेंडर, कुली, सफाईकर्मी और ऑटो चालक शामिल हुए थे. पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर यशपाल सिंह राजपूत ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों कर्मचारियों और अभियान में शामिल सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जनभागीदारी का परिणाम है. उन्होंने कहा कि पुलिस यात्रियों की सुरक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता अभियानों को भी आगे बढ़ाती रहेगी.
