
सीधी।मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की ऐतिहासिक विजय पर जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कार्यालय, जवाहर कांग्रेस भवन के सामने विजय उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी जाहिर की, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा कांग्रेस पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत बताते हुए जनता का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की भारी जीत प्रदेश की जनता के विश्वास और भाजपा सरकार के प्रति बढ़ते जनाक्रोश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर यह माना जाता है कि उपचुनाव में सत्ताधारी दल को बढ़त मिलती है, लेकिन दतिया की जनता ने कांग्रेस को ऐतिहासिक जनादेश देकर इस धारणा को बदल दिया है।
ज्ञान सिंह ने कहा कि यह उपचुनाव आने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल साबित हुआ है और इसके परिणाम ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। आज प्रदेश और देश में किसान, युवा, कर्मचारी, व्यापारी, महिलाएं तथा समाज का हर वर्ग भाजपा की जनविरोधी नीतियों से परेशान है। विशेष रूप से युवाओं में रोजगार, शिक्षा और भविष्य को लेकर भारी असंतोष है, जिसका परिणाम दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत के रूप में सामने आया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरने का प्रयास करेगी और प्रदेश में जनहित के मुद्दों पर संघर्ष पहले की तरह निरंतर जारी रहेगा। दतिया की यह जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भरने वाली है तथा आने वाले चुनावों में पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।
