ब्राउन शुगर व एमडी सप्लाई चेन से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त

इंदौर. शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सप्लाई नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अलग अलग मामलों में ब्राउन शुगर और एमडी ड्रग्स बरामद कर पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है.

एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पहले मामले में क्राइम ब्रांच ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी विशाल से पूछताछ और मुखबिर सूचना के आधार पर फरार आरोपी मयंक साहू निवासी तिलक नगर को गिरफ्तार किया. प्रकरण में पहले ही विशाल के कब्जे से दो लाख की करीब बीस ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की जा चुकी थी. जांच में सामने आया कि मयंक अन्य जिलों से मादक पदार्थ लाकर शहर में सप्लाई करता था. आरोपी पर पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज है और वह दिहाड़ी मजदूरी व रिपेयरिंग का काम करता है. वहीं दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच टीम ने किला मैदान रोड स्थित श्रीएकदंतेश्वर गजानंद मंदिर के पास घेराबंदी कर मोइनुद्दीन उर्फ मोईन मेव निवासी मल्हारगंज को गिरफ्तार किया. तलाशी में उसके पास से 13.07 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक मोबाइल फोन बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है. पूछताछ में आरोपी ने सस्ते में ड्रग्स खरीदकर शहर में अधिक दामों पर बेचने की बात कबूल की है. एडीसीपी का कहना है कि दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है.

Next Post

पावर हाउस पर ड्यूटी कर्मचारी पर हमला कर वायरलेस तोड़ा

Tue Mar 31 , 2026
इंदौर. बाणगंगा थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी पर बदमाशों ने हमला कर दहशत फैला दी. आरोपियों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि वायरलेस सेट तोड़कर सरकारी कार्य में भी बाधा डाली और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए. थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि […]

You May Like