ब्रुसेल्स, 19 मार्च (वार्ता) यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने ईरान युद्ध को तत्काल समाप्त करने और तनाव कम करने की पुरजोर वकालत की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि यह संघर्ष जारी रहा, तो इससे न केवल पश्चिम एशिया में अस्थिरता बढ़ेगी, बल्कि यूक्रेन में रूस के खिलाफ जारी प्रयासों को भी गहरा धक्का लगेगा। श्री कल्लास ने गुरुवार को यूरोपीय परिषद के शिखर सम्मेलन से पहले ब्रुसेल्स में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि “ईरान युद्ध से बाहर निकलना” अब अनिवार्य हो गया है।
श्री कल्लास ने तर्क दिया कि इस युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार का स्वरूप बदल रहा है, जिसका अप्रत्यक्ष लाभ मॉस्को को मिल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मध्य पूर्व के इस संघर्ष को समाप्त करना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि यूक्रेन युद्ध का समाधान खोजना। उनके अनुसार, रूस इस स्थिति का फायदा उठा रहा है, इसलिए यूक्रेन को समर्थन दिखाना और इस युद्ध को रोकना बेहद जरूरी है ताकि कीव को रूस के सामने पूरी तरह आत्मसमर्पण न करना पड़े।
उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी से ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद से क्षेत्र में भारी तबाही हुई है, जिसके जवाब में ईरान ने भी इजरायली क्षेत्र और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इस संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल के जहाजों की आवाजाही बाधित हुयी है, जिससे वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उछाल आया है। इसी संकट के चलते अमेरिका को मार्च के मध्य तक पारगमन में मौजूद लगभग 10 करोड़ बैरल रूसी तेल पर से प्रतिबंध हटाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

