जंगल की आग बुझाते समय हवा में हुयी दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में चालक दल के दो सदस्यों की मौत

एथेंस, 03 अगस्त (वार्ता) यूनान के अत्तिका क्षेत्र में रविवार को जंगल की आग बुझाते समय हवा में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर हो जाने से चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गयी।

मरने वालों में एक डेनिश पायलट और ग्रीक फायर सर्विस का एक संपर्क अधिकारी शामिल था। दूसरे हेलीकॉप्टर में सवार एक ब्रिटिश पायलट और एक अन्य यूनानी कोऑर्डिनेटर बच गए।

बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार राजधानी एथेंस से लगभग 65 किलोमीटर (42 मील) पश्चिम में हुई इस घटना के वीडियो में दिख रहा है कि दो ‘बेल’ हेलीकॉप्टरों में से एक दूसरे के प्रोपेलर से टकराता है, जिससे उसमें आग लग जाती है और वह एक खाई में गिर जाता है। दूसरे हेलीकॉप्टर ने इमरजेंसी लैंडिंग की।

इस हफ़्ते यूनान में जंगल की आग फैल गई है, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाना पड़ा है। लंबे समय तक चली गर्मी की लहरों (हीटवेव) के दौरान यूरोप के अन्य देशों में भी भीषण आग की घटनाएं हुई हैं।

ग्रीक अग्निशमन सेवा के अनुसार, ऑस्ट्रेलियाई कंपनी मैकडरमॉट एविएशन से किराए पर लिए गए दो बेल हेलीकॉप्टर रविवार को अटिका-बोएटिया सीमा पर लगी भीषण जंगल की आग को बुझाने के प्रयासों में भाग लेते समय आपस में टकरा गए।

एक विमान के चालक दल के सदस्यों को जीवित बचा लिया गया, जबकि दूसरे विमान के चालक दल के सदस्य बेहोश अवस्था में बरामद किए गए और बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

यूनान के प्रधानमंत्री क्यारियाकोस मित्सोटाकिस ने इस दुर्घटना पर अपना “गहरा दुख” व्यक्त किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यूनानी समन्वयक और डेनिश पायलट की मृत्यु “हम सभी को शोक से भर देती है”। उन्होंने उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।

 

 

Next Post

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने अवैध रूप से आने वालों के ख़िलाफ़ लड़ाई में सख्ती बरतने का किया वादा

Mon Aug 3 , 2026
लंदन, 03 अगस्त (स्पुतनिक/वार्ता) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने कहा कि सरकार नाव से देश में अवैध रूप से आने वाले प्रवासियों की संख्या कम करने की कोशिशों में “सख्ती” बरतेगी। ‘टाइम्स’ अख़बार के अनुसार, 20 जुलाई को बर्नहम के पद संभालने के बाद से 2,000 से ज़्यादा प्रवासी […]

You May Like