
नीमच/नयागांव। मध्य प्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित नयागांव आरटीओ चेकपोस्ट पर कथित अवैध वसूली के मामले में राज्य शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चेकपोस्ट प्रभारी सहित चार परिवहन निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर ट्रक चालकों से कथित धनउगाही के वीडियो वायरल होने और शिकायतें सामने आने के बाद परिवहन विभाग हरकत में आया।
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर चेकपोस्ट प्रभारी जयदीप पुंगलिया, अनिमेष जैन, आशुतोष चौधरी तथा संदीप झारकिया (सभी परिवहन निरीक्षक) के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि नयागांव चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच, ओवरलोडिंग और दस्तावेजों की जांच के नाम पर ट्रक चालकों से अवैध रूप से नकद राशि वसूले जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। हाल ही में सोशल मीडिया पर कथित धनउगाही के वीडियो वायरल होने के बाद शासन ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित अधिकारियों को निलंबित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अन्य कर्मचारियों एवं अधिकारियों की भूमिका भी जांची जाएगी। यदि अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो आगे और भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद परिवहन विभाग में हडक़ंप की स्थिति है और इसे अवैध वसूली के मामलों में शासन की बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।
