
मंदसौर। शहर में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति जानने के लिए रविवार को कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने कई निर्माण स्थलों का दौरा किया। कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर कार्यों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों, इंजीनियरों तथा निर्माण एजेंसियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए।
कलेक्टर सिंह ने शिवना नदी किनारे चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के बाद नालछामाता मंदिर रोड की स्थिति देखी। इसके बाद वे अटल सागर बांध (कालाभाटा) पहुंचे। यहां उन्होंने जल संरचना एवं परिसर में चल रहे कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा मौके पर आने वाली तकनीकी अथवा अन्य समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने रामघाट बैराज पर निर्माणाधीन नवीन फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट की निर्माण प्रगति, निर्धारित मापदंडों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। अलावदाखेड़ी रोड स्थित निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी उन्होंने अवलोकन किया। अधिकारियों से परियोजना के विभिन्न चरणों की जानकारी लेते हुए उन्होंने समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया।
तेलिया तालाब के सौंदर्यीकरण की भी देखी स्थिति
कलेक्टर ने तेलिया तालाब में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब क्षेत्र के विकास, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि शहर के प्रमुख जलस्रोतों के विकास के साथ उनकी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन सभी परियोजनाओं की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि केवल कागजों में प्रगति नहीं, बल्कि मौके पर कार्य की गुणवत्ता भी दिखाई देना चाहिए। निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार कार्य कराते हुए परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को विकास कार्यों का लाभ जल्द मिल सके।
अटल सागर बांध परिसर में किया पौधारोपण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने अटल सागर बांध परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की बात कही।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मंदसौर शहर के नागरिकों को बेहतर पेयजल व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण और आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि परियोजनाएं निर्धारित समय पर पूरी हों और उनका लाभ आमजन तक पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, एसडीएम पाटीदार सहित संबंधित अधिकारी, इंजीनियर, निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
