धुंध की चादर में लिपटी जामगेट की वादियां

इंदौर/महू: तहसील महू के पर्यटक क्षेत्र में शनिवार सुबह से जारी रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जामगेट की वादियां एक बार फिर से जीवंत हो उठी हैं. विंध्याचल की पहाड़ियों में मानसून का जादू बिखरा हुआ है, जिससे कई प्राकृतिक झरने बह निकले हैं. पूरा क्षेत्र इस समय मखमली हरियाली और कल-कल बहती जलधाराओं से मनमोहक नजर आ रहा है. इस सुहाने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए इंदौर, महू, धार और मंडलेश्वर समेत आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में पर्यटक अपने परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंच रहे हैं.

जामगेट से मंडलेश्वर मार्ग पर पहाड़ियों से गिरते झरने इस समय मुख्य आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. बारिश के बाद उमड़े बादलों ने पूरी घाटी को इस कदर घेर लिया है कि पूरा नजारा सफेद धुंध की चादर में ढका हुआ दिखाई दे रहा है. बादलों के बीच से छनकर दिखती हरियाली और बहते झरनों का यह अद्भुत नजारा पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है. युवा इस हसीन मंजर को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने और सेल्फी व फोटोग्राफी करने में काफी व्यस्त नजर आ रहे हैं.

फिसलन भरी चट्टानों पर न लें जोखिम
बढ़ती भीड़ और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सुरक्षाकर्मी पूरी तरह सतर्क हैं. सुरक्षाकर्मियों ने चेतावनी दी है कि बारिश के कारण पहाड़ियों और झरनों के आसपास की चट्टानें बेहद फिसलन भरी हो गई हैं, जिससे पैर फिसलने और बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे गहरी खाई या प्रतिबंधित खतरनाक किनारों की तरफ न जाएं और केवल निर्धारित सुरक्षित स्थानों से ही प्रकृति के सौंदर्य का आनंद लें. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा, जिससे झरनों का प्रवाह और पर्यटकों की संख्या और अधिक बढ़ने की उम्मीद है

Next Post

अमेरिका के अवैध हमलों के खिलाफ आत्मरक्षा के सभी विकल्प अपनाएंगे: ईरान

Sun Aug 2 , 2026
तेहरान, 02 अगस्त (वार्ता) ईरान ने कहा है कि वह अमेरिका की धमकियों, कथित अवैध सैन्य हमलों और समुद्री दबाव का डटकर मुकाबला करता रहेगा तथा आत्मरक्षा के लिए सभी उपलब्ध विकल्पों का इस्तेमाल करेगा। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में आरोप लगाया कि अमेरिका ने 18 जून को युद्ध […]

You May Like