पंचकूला, 02 अगस्त (वार्ता) हरियाणा पुलिस ने हिसार जिले में सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जुलाई माह के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर व्यापक अभियान चलाते हुए 14,010 वाहनों के चालान किए। इसी अभियान के तहत काला शीशा लगी एक कार पर 10,000 रुपये का चालान भी किया गया। यह जानकारी हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने दी।
प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशन में पूरे जुलाई माह के दौरान जिले में विशेष चेकिंग और गश्त अभियान चलाया गया। पीसीआर, ईआरवी, राइडर और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में दिन-रात नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 14,010 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना था।
प्रवक्ता के अनुसार हिसार पुलिस ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों तथा जिले के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई। नियमित गश्त और सघन जांच के कारण चोरी, लूट, वाहन चोरी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम में मदद मिली है और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
इसी विशेष अभियान के दौरान एयरपोर्ट चौक के पास ट्रैफिक पुलिस ने अवैध ब्लैक फिल्म लगी एक कार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10,000 रुपये का चालान किया।
प्रवक्ता ने बताया कि वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाना कानून का उल्लंघन है। इससे वाहन के भीतर की गतिविधियां दिखाई नहीं देतीं, जिससे अपराध की आशंका बढ़ती है और पुलिस जांच व सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, ओवरस्पीड, ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से बचने की अपील की।
