कलेक्टर ने दिया अल्टीमेटम: एक जून से खुले में नहीं बिकेगा चिकन

सीधी। शहर में खुले में चिकन बिक्री को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर 1 जून से मीट मार्केट में ही कारोबार करने का अल्टीमेटम कलेक्टर ने दिया है। कलेक्टर ने खुले में चिकन बिक्री की स्थिति का अवलोकन किया और खुले में चिकन बिक्री पर प्रशासन का सख्त रुख सामने आया।

शहर में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने शहर क्षेत्र का आज सुबह निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, सार्वजनिक स्वास्थ्य और नगरीय प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ प्रिया पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चिकान मोहल्ला पहुंचकर खुले में चिकन बिक्री की स्थिति का अवलोकन किया। जनस्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए खुले में चिकन बिक्री करने वाले विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि 1 जून से वार्ड क्रमांक 6 स्थित निर्धारित मीट मंडी में ही चिकन बिक्री की जाएगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि निर्धारित स्थान के अलावा खुले में बिक्री करने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि शहर में स्वच्छता बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। खुले में मांस बिक्री से स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए इस व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा रहा है।

नवभारत द्वारा लगातार उठाई जा रही है समस्या

सीधी शहर के लालता चौक, बाजार क्षेत्र एवं मुख्य सडक़ों के किनारे खुले में सडक़ किनारे बिक रहे मीट को लेकर नवभारत द्वारा लगातार समस्या उठाई जा रही है। यहां तक कि मुख्यमंत्री के निर्देश का उल्लंघन कर सडक़ किनारे खुले में बिक रहे मीट की समस्या को नवभारत द्वारा खबर प्रकाशन कर 10 मार्च 2026 को जिला प्रशासन के समक्ष रखा था, फिर भी कोई सार्थक कार्रवाई न होने से खुले में मीट बिक्री का कारोबार सीधी शहर में फैलता रहा।

6 साल से शो पीस बना है लाखों का मीट मार्केट

शहर में खुले में मांस बिक्री को प्रतिबंधित करने के लिये नगर पालिका प्रशासन द्वारा 6 साल पहले प्रधान डाकघर के पीछे लाखों की लागत से सर्वसुविधायुक्त मीट मार्केट का निर्माण मीट कारोबारियों से चर्चा कर उनकी सुविधा के अनुसार कराया गया था। मीट मार्केट का निर्माण पूर्ण होने के बाद कई कारोबारियों को स्थल का आवंटन भी कर दिया गया था। जब विस्थापन की बारी आई तो मीट कारोबारियों द्वारा तरह-तरह की बहानेबाजी करना शुरू कर दिया गया। उस दौरान प्रशासन का सहयोग न मिलने के कारण बाजार क्षेत्र से मीट कारोबारियों का विस्थापन नहीं हो पाया।

००

सूखा नाला के किनारे से हटेंगे अतिक्रमण

कलेक्टर विकास मिश्रा ने आज सूखा नाला के किनारे किए गए अतिक्रमण का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अतिक्रमण चिन्हित कर शीघ्र हटाने के निर्देश दिए ताकि शहर की साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था और यातायात प्रभावित न हो। इसके लिये जल्द कार्रवाई के लिये कहा गया है।

Next Post

बदनावर तहसील के कई गांवों में गहराया पेयजल संकट, ग्रामीणों ने प्रत्येक पंचायत में 2-2 ट्यूबवेल की मांग उठाई

Sun May 17 , 2026
बदनावर। तहसील के कई ग्रामों में इन दिनों भीषण पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। कई ग्राम पंचायतों में हैंडपंप एवं अन्य जल स्रोत बंद होने की स्थिति में हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को खेतों एवं दूरस्थ स्थानों से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को विशेष […]

You May Like